कोरबा में दर्दनाक हादसा: ऑटो के पहिए के नीचे दबने से तीन वर्षीय मासूम की मौत, परिवार में पसरा मातम
कोरबा। जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत परसाभाठा स्थित पुराना नवधा चौक के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घर में खड़े ऑटो को बाहर निकालने के दौरान बच्चा उसके पहियों की चपेट में आ गया। हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है।
खेलते समय ऑटो की चपेट में आया मासूम
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान हर्ष कुमार (3 वर्ष), पिता दिल कुमार, निवासी अमलडीहा, शिवनी, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। हर्ष अपने मामा के घर परसाभाठा आया हुआ था।
बताया जा रहा है कि रविवार सुबह करीब 8 बजे परिजन रोजाना की तरह घर में खड़े ऑटो को बाहर निकाल रहे थे। इसी दौरान खेलते-खेलते मासूम ऑटो के पहियों के नीचे दब गया, जिससे उसके शरीर में गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के तुरंत बाद परिजन घायल बच्चे को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना बालको पुलिस को दे दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस मामले में मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। हादसे से क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।

Post a Comment