नवरात्रि के पावन अवसर पर मानव सेवा मिशन ने बच्चों एवं वृद्धजनों के साथ बाँटी खुशियाँ

Views

 


नवरात्रि के पावन अवसर पर मानव सेवा मिशन ने बच्चों एवं वृद्धजनों के साथ बाँटी खुशियाँ

कोरबा,बालको,नवरात्रि के पावन अवसर पर बालको संयंत्र में कार्य करने वाले युवाओं की समाजसेवी संस्था मानव सेवा मिशन, बालको द्वारा सेवा, समर्पण और मानवता की भावना के साथ दो सेवा कार्य आयोजित किए गए। इस पहल के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों के आश्रम एवं प्रशांति वृद्धा आश्रम, कोरबा में निवासरत बुजुर्गों के लिए भोजन सेवा के साथ राशन सामग्री एवं सूखा नाश्ता उपलब्ध कराया गया।

जरूरतमंद बच्चों के आश्रम में भोजन सेवा शिवेंद्र अग्रवाल के सौजन्य से आयोजित की गई, जबकि प्रशांति वृद्धा आश्रम में निवासरत वृद्धजनों के लिए भोजन सेवा पवन शर्मा के सौजन्य से संपन्न हुई। दोनों आश्रमों में मानव सेवा मिशन की ओर से राशन सामग्री एवं सूखा नाश्ता भी प्रदान किया गया।



इस अवसर पर मिशन के सदस्यों ने बच्चों के साथ समय बिताकर उन्हें शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। बच्चों को प्रेरित किया गया कि बड़े होकर वे अपने माता-पिता का सदैव सम्मान करें और जीवन में कैसी भी परिस्थिति आए, उन्हें कभी वृद्धाश्रम में छोड़ने की नौबत न आने दें। माता-पिता और बुजुर्गों की देखभाल करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। साथ ही, बच्चों को जरूरतमंदों की सहायता करने, असहाय लोगों के प्रति संवेदनशील रहने और समाज सेवा के कार्यों में आगे आने के लिए प्रेरित किया गया।

नवरात्रि के पावन अवसर पर सभी सदस्यों ने माँ सर्वमंगला मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा समाज में सेवा, सद्भाव और मानवता की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।

मिशन के सदस्यों ने कहा कि सेवा का उद्देश्य केवल भोजन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के साथ प्रेम, सम्मान और अपनत्व बाँटना भी है। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना, बुजुर्गों को स्नेह देना और नई पीढ़ी में सेवा एवं संस्कारों के बीज बोना ही इस पहल का वास्तविक उद्देश्य है।

इस सेवा कार्य में मानव सेवा मिशन के केशव चन्द्रा, अमर पटेल, दिनेश पृथ्वीकर, शिवेंद्र अग्रवाल, राजेश धीवर, योगेश पटेल, रामसहाय पटेल, लिलेश्वर शर्मा, सत्यम सोनी, शैलेन्द्र जायसवाल, अमित शर्मा एवं डीकेश्वर साहू सहित महिला सदस्यों माधुरी चन्द्रा, उमा पटेल, स्मिता पटेल, मेघा सोनी, नेहा अग्रवाल, अलका पृथ्वीकर, नीलिमा जायसवाल, सीमा स्वर्णकार, प्रीति शर्मा, डाली पृथ्वीकर एवं स्नेहा, आरवी, आदि, निशांक, रिहान, अनादि, अबीर सहित अन्य बच्चों ने भी सहभागिता निभाई।

मानव सेवा मिशन ने इस पुनीत कार्य में सहयोग देने वाले सभी सहयोगकर्ताओं एवं सदस्यों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। मिशन का संकल्प है कि जरूरतमंदों की सहायता, बुजुर्गों के सम्मान और बच्चों में सेवा संस्कार विकसित करने के लिए ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

0/Post a Comment/Comments