जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी उपलब्धि, ‘एक राखी साइबर जागृति’ अभियान को मिला राज्य स्तरीय पुरस्कार , मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री/गृह मंत्री विजय शर्मा ने किया सम्मानित, ASP डॉ. यूलैंडन यार्क ने ग्रहण किया पुरस्कार
जिला जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक संचालित ‘एक राखी साइबर जागृति’ अभियान को नवाचार (इनोवेशन) श्रेणी में राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। दिनांक 09 अक्टूबर 2026 को रायपुर स्थित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री/गृह मंत्री विजय शर्मा द्वारा यह सम्मान प्रदान किया गया।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में संचालित इस अभिनव अभियान के अंतर्गत 27 अगस्त 2026 को मात्र एक घंटे में 1,65,000 लोगों को साइबर जागरूकता की राखी बांधकर साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। व्यापक जनभागीदारी और नवाचार के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश आमजन तक पहुंचाने के इस प्रयास को राज्य स्तर पर सराहना मिली।
जांजगीर-चांपा पुलिस की ओर से यह प्रतिष्ठित पुरस्कार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क ने ग्रहण किया।
यह सम्मान जांजगीर-चांपा पुलिस के साइबर अपराधों की रोकथाम, जनजागरूकता और सामुदायिक पुलिसिंग के प्रति निरंतर प्रयासों का महत्वपूर्ण प्रतिफल है। अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को साइबर ठगी से बचाव तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।

Post a Comment