मां सर्वमंगला मंदिर में 11 अक्टूबर से नवरात्रि का आगाज- हजारों ज्योति कलश होंगे प्रज्ज्वलित; भारी वाहनों पर प्रतिबंध…

Views

 

11 अक्टूबर से जलेंगी मनोकामना ज्योति- मां सर्वमंगला देवी मंदिर में रविवार, 11 अक्टूबर से शुक्ल पक्ष प्रतिपदा के अवसर पर मनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। नौ दिनों तक मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान, जसगीत, कीर्तन और भजन के कार्यक्रम होंगे। नवरात्रि के अंतिम दिन सोमवार, 19 अक्टूबर को नवमी के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं।

तेल और घृत ज्योति कलश की दर निर्धारित– मंदिर समिति के अनुसार, इस वर्ष मनोकामना ज्योति कलश के लिए तेल ज्योति की दर 901 रुपये और घृत ज्योति की दर 2101 रुपये निर्धारित की गई है। समिति ने श्रद्धालुओं से समय पर रसीद प्राप्त कर ज्योति कलश प्रज्ज्वलित कराने की अपील की है। नवरात्रि के दौरान भंडारा, कीर्तन-भजन और विद्वान पंडितों द्वारा विशेष पूजा-अर्चना भी आयोजित की जाएगी।

सीसीटीवी से होगी निगरानी- नवरात्रि में दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए मंदिर परिसर के विभिन्न हिस्सों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। पुलिस और प्रशासन भी सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर नजर रखेंगे। मंदिर समिति दर्शनार्थियों की आवाजाही सुगम बनाने और पूजा-अर्चना की व्यवस्था बेहतर रखने में जुटी है। मंदिर के प्रमुख राजपुरोहित नमन पाण्डेय (नन्हा) ने बताया कि शारदीय नवरात्रि की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस वर्ष मनोकामना ज्योति कलश की दरों में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं से प्रशासन के निर्देशों का पालन कराया जाएगा, ताकि नवरात्रि पर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध- नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और संभावित यातायात दबाव को देखते हुए एसडीएम एवं अनुविभागीय दंडाधिकारी कटघोरा ने 10 से 19 अक्टूबर 2026 तक सर्वमंगला चौक से कनकी मार्ग स्थित बाईपास पर भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया है। प्रशासन ने भारी वाहनों के लिए बांकीमोंगरा और दीपका होकर वैकल्पिक मार्ग से आवागमन करने की व्यवस्था सुझाई है। संबंधित पुलिस एवं परिवहन अधिकारियों को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नवरात्रि के दौरान जाम और दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।

0/Post a Comment/Comments