मानव सेवा मिशन ने पहाड़ी कोरवा परिवारों को बांटे छत ढकने के लिए प्लास्टिक एवं बच्चों को शिक्षण सामग्री

Views

  

विश्व आदिवासी दिवस पर सेवा, सहयोग और शिक्षा का संदेश

विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर मानव सेवा मिशन, बालको द्वारा विशेष पिछड़ी जनजाति के पहाड़ी कोरवा परिवारों के बीच सेवा कार्य किया गया। इस दौरान ग्राम भूड़ूमाटी एवं छातीबहार के परिवारों को बारिश से बचाव के लिए छत ढकने हेतु प्लास्टिक तथा बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शिक्षण सामग्री वितरित की गई।

पहाड़ी कोरवा परिवारों के कई घरों की छत घास-फूस से बनी होती है। बारिश के मौसम में इन छतों के भीगने से परिवारों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए मानव सेवा मिशन द्वारा पिछले कई वर्षों से बारिश के मौसम में इन क्षेत्रों में आवश्यकता अनुसार प्लास्टिक उपलब्ध कराया जाता रहा है।

इस अवसर पर बच्चों को शिक्षण सामग्री प्रदान करते हुए मानव सेवा मिशन की टीम ने कहा कि जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा से जोड़ना और उनके भविष्य को बेहतर बनाने में सहयोग करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को यदि समय पर आवश्यक शैक्षणिक सामग्री और प्रोत्साहन मिले, तो वे भी बेहतर शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। इसी उद्देश्य से मिशन द्वारा जरूरतमंद बच्चों के बीच समय-समय पर कॉपी, पेंसिल, पुस्तकें एवं अन्य शिक्षण सामग्री वितरित की जाती है।

मानव सेवा मिशन पिछले लगभग छह वर्षों से सेवा कार्यों में निरंतर सक्रिय है। कोरोना काल से शुरू हुई जरूरतमंदों की सहायता की यह पहल आज एक व्यापक सेवा अभियान का रूप ले चुकी है। मिशन द्वारा जरूरतमंद परिवारों को राशन एवं खाद्य सामग्री, जरूरतमंदों को कंबल, बच्चों को शिक्षण सामग्री, वृद्धजनों एवं अस्पताल में जरूरतमंद मरीजों के लिए भोजन सहित विभिन्न सेवा कार्य किए जाते रहे हैं। इसके साथ ही पहाड़ी कोरवा एवं अन्य जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों के बीच भी समय-समय पर आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाती है।

मानव सेवा मिशन का उद्देश्य केवल किसी जरूरतमंद की तत्काल आवश्यकता पूरी करना नहीं, बल्कि सेवा के माध्यम से उनके जीवन में सुरक्षा, सम्मान, शिक्षा और आत्मविश्वास की भावना को मजबूत करना है। मिशन से जुड़े सभी सक्रिय सदस्य एवं सहयोगी अपने समय, श्रम एवं सामर्थ्य के अनुसार इस सेवा अभियान में निरंतर योगदान दे रहे हैं।

इस सेवा कार्य में केशव चन्द्रा, क्रांति सोनी, कमलेश बोहरपी, लिलेश्वर शर्मा, पीतम लाल सोमनकर, छायांक चन्द्रा एवं कृतार्थ सोनी उपस्थित रहे।

मानव सेवा मिशन की टीम ने कहा कि समाज के सहयोग और सामूहिक प्रयास से जरूरतमंदों तक सहायता पहुँचाने का यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।

0/Post a Comment/Comments