90 वर्षीया बुजुर्ग महिला बहुरा बाई ने अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट को भेंट किया चांदी का मुकुट, मंदिर निर्माण में भी दिया था 1 लाख का दान
बालको नगर / कोरबा:आस्था और समर्पण की एक अनूठी और प्रेरणादायक मिसाल बालको नगर में देखने को मिली है। वार्ड क्रमांक 40 के पार्षद रजत खूंटे जी की दादी, 90 वर्षीया बुजुर्ग महिला श्रीमती बहुरा बाई ने अपने परिवार के साथ मिलकर अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट को 1 किलो 39 ग्राम वजन का भव्य चांदी का मुकुट भेंट किया है।
भगवान श्री राम के प्रति अटूट श्रद्धा रखने वालीं बहुरा बाई का यह समर्पण यहीं नहीं रुका। इससे पहले भी उन्होंने राम मंदिर निर्माण कार्य के दौरान अपनी जमा पूंजी से 1 लाख रुपये की बड़ी राशि दान स्वरूप समर्पित की थी।
श्रीमती बहुरा बाई अपने पूरे परिवार और पोते (वार्ड 40 के पार्षद) रजत खूंटे के साथ पावन नगरी अयोध्या धाम पहुंचीं। वहाँ उन्होंने पूरे विधि-विधान और आदर भाव के साथ राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों से मुलाकात की और यह चांदी का मुकुट उन्हें सौंपा। ट्रस्ट के सदस्यों ने भी बुजुर्ग महिला के इस अद्वितीय भक्ति भाव और समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा की और पूरे परिवार को आशीर्वाद दिया।
क्षेत्र में हो रही सराहना
90 वर्ष की उम्र में भी भगवान राम के प्रति ऐसा अगाध प्रेम और दानशीलता देखकर बालको नगर और पूरे कोरबा क्षेत्र के लोग भावविभोर हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बहुरा बाई जी का यह कदम नई पीढ़ी के लिए संस्कार और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण का एक बड़ा उदाहरण है। पार्षद रजत खूंटे ने इस पल को अपने और अपने पूरे परिवार के लिए परम सौभाग्य और गौरव का विषय बताया है।

Post a Comment