कोरबा में भव्य चित्रकला प्रदर्शनी का सफल आयोजन, कलाकारों की प्रतिभा ने मोहा मन

Views


कोरबा में भव्य चित्रकला प्रदर्शनी का सफल आयोजन, कलाकारों की प्रतिभा ने मोहा मन

कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत एवं नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति में कलाकारों का उत्साहवर्धन

कोरबा, 10 अक्टूबर 2026कला, संस्कृति एवं स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पं. मुकुटधर पाण्डेय साहित्य भवन समिति, कोरबा के तत्वावधान में मुकुटधर चित्रकला प्रकोष्ठ द्वारा भव्य चित्रकला प्रदर्शनी का सफल आयोजन शनिवार, 10 अक्टूबर को सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल, कोरबा में किया गया।

एक दिवसीय इस प्रदर्शनी में कोरबा एवं आसपास के क्षेत्रों के नवोदित तथा वरिष्ठ चित्रकारों ने अपनी उत्कृष्ट कलाकृतियों के माध्यम से रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न विषयों, शैलियों एवं विधाओं पर आधारित आकर्षक चित्रों ने कला प्रेमियों एवं दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, कोरबा नगर निगम की महापौर संजू देवी राजपूत एवं नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। अतिथियों ने प्रदर्शनी में लगी कलाकृतियों का अवलोकन किया तथा कलाकारों की रचनात्मकता, कल्पनाशीलता एवं प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत एवं आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने कलाकारों की कलाकृतियों की सराहना करते हुए उन्हें खरीदकर कला और कलाकारों को प्रोत्साहित किया। इन कलाकृतियों में कलाकार कंचन देशमुख, पूजा पांडे एवं प्रदर्शनी के सबसे वरिष्ठ कलाकार एस. के. व्यास की कलाकृतियाँ भी शामिल रहीं। इस पहल ने कलाकारों का उत्साह बढ़ाया और संदेश दिया कि कला की वास्तविक सराहना केवल प्रशंसा से नहीं, बल्कि कृतियों को सम्मान देने से भी होती है।

प्रदर्शनी में चित्रकारों ने प्रकृति, पर्यावरण, भारतीय संस्कृति, सामाजिक सरोकारों, लोकजीवन एवं मानवीय संवेदनाओं के विविध रंगों को उकेरा। रंगों के सुंदर संयोजन ने दर्शकों को विशेष रूप से प्रभावित किया।

कार्यक्रम में कला प्रेमियों, विद्यार्थियों, साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों एवं नगरवासियों की उत्साहजनक सहभागिता रही। नवोदित कलाकारों को वरिष्ठ चित्रकारों के अनुभवों से सीखने तथा अपनी कला को व्यापक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर प्राप्त हुआ।

आयोजन समिति ने बताया कि प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर छिपी कलात्मक प्रतिभाओं को सामने लाना, नवोदित कलाकारों को प्रोत्साहित करना तथा कोरबा में कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नई पहचान दिलाना है।

मुकुटधर चित्रकला प्रकोष्ठ की संयोजक अंकिता सोनी ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कलाकारों की सहभागिता, विशिष्ट अतिथियों का मार्गदर्शन एवं नगरवासियों का सहयोग इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि रही। भविष्य में भी कलाकारों को मंच प्रदान करने तथा कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए ऐसे आयोजन निरंतर किए जाएंगे।

इस सफल आयोजन में पूर्व संयोजक मनीषा अग्रवाल, सह-संयोजक गौरीशंकर, सह-संयोजक मंजुला श्रीवास्तव एवं कोषाध्यक्ष डॉ. कुमकुम गुलहरे सहित प्रकोष्ठ के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

कार्यक्रम को संरक्षक यूसुफ दानियालपुरी, कमलेश यादव, मुकेश चतुर्वेदी, दिलीप अग्रवाल एवं डॉ. कृष्ण कुमार चंदा का मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त हुआ।

समापन अवसर पर समिति ने सभी विशिष्ट अतिथियों, प्रतिभागी कलाकारों, सहयोगियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

0/Post a Comment/Comments