कोरकोमा के शासकीय स्कूल में सुरक्षित बचपन अभियान और मानसिक स्वास्थ्य पर संयुक्त जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
कोरबा, 30 अक्टूबर 2026:
जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. एन. केशरी, नोडल अधिकारी डॉ. अशोक शाक्य एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) श्री पद्माकर शिंदे के कुशल निर्देशन में आज सामुदायिक जागरूकता के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह संयुक्त कार्यक्रम शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, कोरकोमा में मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम और विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा के 'सुरक्षित बचपन अभियान' के तहत आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों को बालकों के विरुद्ध होने वाले लैंगिक अपराधों (POCSO) के प्रति जागरूक करना और उनके मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और वक्ता के रूप में जिला न्यायालय की सचिव कुमारी डिम्पल एवं मनोरोग विभाग के साइकियाट्रिक सोशल वर्कर (PSW) श्री ताराचंद श्रीवास विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जिला न्यायालय की सचिव कुमारी डिम्पल ने बच्चों को सुरक्षित बचपन अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बालकों के विरुद्ध होने वाले लैंगिक अपराधों और उससे जुड़े कानूनी प्रावधानों के बारे में सरल शब्दों में समझाते हुए बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा दी। वहीं मनोरोग विभाग से आए श्री ताराचंद श्रीवास ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व से परिचित कराया। उन्होंने स्कूली जीवन में तनाव प्रबंधन, एकाग्रता बढ़ाने और किसी भी विपरीत परिस्थिति में मानसिक रूप से मजबूत रहने के व्यावहारिक उपाय बताए।
इस जागरूकता अभियान में स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जिन्होंने इस सत्र का भरपूर लाभ उठाया।


Post a Comment