ललितपुर में विधान परिषद चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, 49.12 प्रतिशत हुआ मतदान
11,330 मतदाताओं में से 5,565 ने किया मतदान, डीएम और एसपी ने संभाली कमान
मनीषा राज/चरन सिंह रामनगर ललितपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार को जनपद ललितपुर में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिले में कुल 11,330 पंजीकृत मतदाताओं में से 5,565 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार जनपद में कुल 49.12 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
डीएम और एसपी ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण
मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश और पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई ने सुबह से ही व्यवस्थाओं की कमान संभाली। दोनों अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक इंतजामों का जायजा लिया। साथ ही ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, लखनऊ की ओर से नामित सामान्य प्रेक्षक गुर्राला श्रीनिवासुलु (आईएएस) ने भी विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सुबह धीमी, दोपहर में बढ़ी मतदान की रफ्तार जनपद में मतदान की शुरुआत धीमी रही, लेकिन दोपहर के समय मतदान की गति में बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार सुबह 10 बजे तक 502 मत पड़े, जो 4.43 प्रतिशत था। दोपहर 12 बजे तक 1,721 मतदाताओं ने मतदान किया और प्रतिशत बढ़कर 15.19 हो गया। दोपहर दो बजे तक 3,452 मत पड़े, जिससे मतदान प्रतिशत 30.47 पहुंच गया। मतदान समाप्त होने पर कुल 5,565 मतों के साथ अंतिम प्रतिशत 49.12 दर्ज किया गया।
जिले के सभी 13 मतदान केंद्रों पर हुआ मतदान जनपद में निर्धारित सभी 13 मतदेय स्थलों पर मतदान कराया गया। इनमें तहसील भवन तालबेहट के दो केंद्र, क्षेत्र पंचायत जखौरा, क्षेत्र पंचायत बार, नवीन तहसील भवन ललितपुर के चार केंद्र, क्षेत्र पंचायत बिरधा, नगर पंचायत भवन पाली, तहसील भवन महरौनी के दो केंद्र और क्षेत्र पंचायत भवन मड़ावरा शामिल रहे।
पुरुष मतदाताओं की भागीदारी अधिक
जारी आंकड़ों के अनुसार जनपद में कुल 7,871 पंजीकृत पुरुष मतदाताओं में से 4,219 ने मतदान किया। वहीं, 3,459 पंजीकृत महिला मतदाताओं में से 1,346 महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार कुल 5,565 मतदाताओं ने मतदान प्रक्रिया में भाग लिया।
मतदाताओं ने व्यवस्थाओं की सराहना की
प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल और कतार प्रबंधन की व्यवस्था की गई थी। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कुछ मतदाताओं ने वोटर हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से अपना मतदान केंद्र खोजने और मतदाता सूची में नाम सत्यापित करने की सुविधा को उपयोगी बताया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जताया आभार मतदान समाप्त होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश ने निर्भीक होकर मतदान करने वाले सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग देने वाले मतदान कर्मियों, सुरक्षा बलों और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित किया।



Post a Comment