कोरबा। भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की षष्ठी तिथि पर आज हलषष्ठी (हरछठ) व्रत श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर महिलाएं अपनी संतान के सुख, अच्छे स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य और दीर्घायु की कामना को लेकर व्रत रख रही हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार यह व्रत भगवान श्रीबलराम को समर्पित है।
सुबह से ही महिलाएं स्नान कर पूजा की तैयारियों में जुटीं। विभिन्न स्थानों पर महिलाओं ने विधि-विधान से हलषष्ठी माता एवं भगवान बलराम की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति और संतान की मंगलकामना की। पूजा के दौरान पारंपरिक रूप से पसहर चावल 6 प्रकार का भजियों और पूजन सामग्री अर्पित की जाती है।
मान्यता है कि श्रद्धापूर्वक हलषष्ठी व्रत और पूजा करने से संतान के अच्छे स्वास्थ्य तथा दीर्घायु की कामना पूरी होती है। इस पर्व को हलछठ, हरछठ और ललही छठ के नाम से भी जाना जाता है।
आज शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के बीच पर्व को लेकर विशेष उत्साह और धार्मिक माहौल देखने को मिल रहा है।

Post a Comment