पुलिस की तत्परता से लोधी पारा चौक पर अचानक रोड में गिरने से घायल युवती के प्राणों की रक्षा
परिजनों ने दिया पुलिस को धन्यवाददिनांक 31.08.2026 को रात्रि लगभग 20:00 बजे लोधीपारा चौक पर यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित करने हेतु ड्यूटी पर तैनात निरीक्षक अमित पद्मसाली एवं उनके हमराह आरक्षक रमेंद्र वर्मा एवं विजय सोनवानी द्वारा मानवता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए घायल लड़की की तत्काल सहायता की गई।
जानकारी के अनुसार मोवा निवासी युवती पैदल लोधीपारा चौक की ओर जा रही थीं। इसी दौरान अचानक चक्कर आने से गिर जाने के कारण वे बेहोश हो गईं। चौक पर ड्यूटी में उपस्थित निरीक्षक अमित पद्मसाली एवं स्टाफ ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर युवती को महिला आरक्षक एवं अन्य लोगों की मदद से उठाया तथा बिना समय गंवाए अपने शासकीय वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल पहुंचने के बाद यातायात पुलिस द्वारा डॉक्टरों से तत्काल संपर्क कर बेहोश हुई युवती का प्राथमिक उपचार शुरू कराया। उपचार के पश्चात युवती के होश में आने पर उनसे उनके परिजनों के संबंध में जानकारी प्राप्त कर उनके परिजनों को सूचित किया गया। परिजनों के अस्पताल पहुंचने पर युवती को सुरक्षित पाकर पुलिस को धन्यवाद दिया।
यातायात पुलिस की इस तत्परता एवं संवेदनशील मानवीय पहल से लड़की को समय पर अस्पताल पहुंचाकर आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सकी।
यातायात पुलिस रायपुर द्वारा यातायात व्यवस्था के साथ-साथ सड़क पर किसी भी आपात स्थिति में आम नागरिकों की सहायता को भी अपने कर्तव्य का महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जा रहा है।

Post a Comment