कोरबा वन मंडल के करतला वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम तरदा में खेत में करीब चार फीट लंबे मगरमच्छ के मिलने से ग्रामीणों के बीच हड़कंप मच गया। खेत में मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने इसकी जानकारी वन विभाग को दी। साथ ही नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी के सदस्य एवं वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी को भी तत्काल सूचना दी गई। सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी अपनी रेस्क्यू टीम और वन विभाग के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने आसपास की स्थिति का जायजा लेने के बाद सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरूकिया।
काफी प्रयास के बाद करीब चार फीट लंबे मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया गया। रेस्क्यू के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। रेस्क्यू टीम ने ग्रामीणों को मगरमच्छ से दूरी बनाए रखने की समझाइश दी। साथ ही अपील की गई कि किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर स्वयं उसे पकड़ने या उसके करीब जाने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग अथवा प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें। इधर, ग्रामीणों ने बताया कि खेतों में तीन अन्य मगरमच्छों को भी देखे जाने की जानकारी सामने आई है। इससे रेस्क्यू के बाद भी ग्रामीणों की चिंता पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। खेतों और आसपास के इलाकों में अन्य मगरमच्छों की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता है।सफल रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। समय पर सूचना मिलने और प्रशिक्षित टीम की सक्रियता से संभावित दुर्घटना को टाल दिया गया

Post a Comment